पुरानी बस्ती थाने की पुलिस ने करीब चार महीने पहले प्लास्टिक कांपलेक्स स्थित वेयरहाउस से आठ महंगे स्मार्ट फोन चोरी की घटना का सोमवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के अनुसार, वेयरहाउस में नौकरी करने वाले सुहैल ने इस घटना को अंजाम दिया था। उसने अपने एक साथी की मदद से चुराए हुए तीन मोबाइल फोन को बेच चुका था। बाकी मोबाइल फोन को बेचने की फिराक में था। उसके पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने चोरी के पांच मोबाइल फोन, एक बिना नंबर की बाइक और 14 सौ रुपये बरामद किए हैं। बरामद स्मार्ट फोन की कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी जा रही है। 26 अगस्त को वेयरहाउस के मैनेजर अंबरीश शुक्ला ने तहरीर देकर बताया था कि उनके प्रतिष्ठान से आठ महंगे स्मार्टफोन चोरी कर लिए गए हैं। जांच में जुटी पुलिस ने राजेंद्र चौराहा के पास से आरोपी सुहेल, निवासी लोनहा, थाना रुधौली और उसके साथी उस्मान, निवासी अमानाबाद, थाना मुंडेरवा को गिरफ्तार कर लिया।
उनके कब्जे से पांच चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुहैल प्लास्टिक कांपलेक्स स्थित इंस्टाकार्ट वेयरहाउस में नौकरी करता था। सैलरी से काम नहीं चल पाता था, इस लिए उसने गोदाम से चोरी करने की योजना बनाई।
इसके बाद उसने अलग-अलग दिन में वेयरहाउस से कुल आठ मोबाइल फोन चुरा लिए थे। जब मैनेजर को गोदाम से मोबाइल फोन चोरी होने की जानकारी हुई तो सुहैल ने नौकरी छोड़ दी थी। उसके बाद अपने साथी उस्मान को चोरी के मोबाइल फोन बेचवाने पर हिस्सा देने की बात कहकर तैयार कर लिया था।