गौर क्षेत्र के चंद्रशेखर आजाद नगर में बृहस्पतिवार को हुई थी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बभनान कस्बे के चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े एक मकान का ताला तोड़कर नकदी समेत जेवर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के करीब 19 हजार रुपये व जेवर बरामद किए गए।
एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में नगर पंचायत बभनान के सुभाषनगर निवासी ताज उर्फ सैफ और गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के मेहनिया ढढ़उआ निवासी रमेश चौहान शामिल हैं। इन दोनों को शनिवार को बभनान-गौर मोड़ स्थित पेट्रोल पंंप के पीछे एक खेत के पास से गिरफ्तार किया गया।
बता दें कि गौर थाना क्षेत्र के चंद्रशेखर आजाद वार्ड निवासी प्रभावती पति व बेटे के साथ बभनान के हर्रैया तिराहा पर फल की दुकान करती हैं। बृहस्पतिवार की सुबह घर में ताला बंद कर सभी लोग दुकान पर आ गए थे। शाम को जब बेटा किसी काम से घर गया तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख दंग रह गया। घर के अंदर में घुसा तो देखा कि तिजोरी का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखी नकदी और जेवर नहीं हैं। थोड़ी देर में ही वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की तो तीसरे ही दिन दोनों आरोपी पकड़ लिए गए।