नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के फुलवरिया निषाद गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में रामसजन की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
घटना में प्रयुक्त लाठी भी पुलिस ने बरामद कर ली है। रविवार को फुलवरिया निषाद गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान राज निषाद से गांव के ही विनोद कुमार, संतोष कुमार, आरबी लाल से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर तीनों लोग अपने पिता राजू के साथ लाठी डंडा लेकर राज निषाद के घर पहुंच गए।
राज निषाद के न मिलने पर इन लोगों ने उनके पिता 55 वर्षीय रामसजन को घर से घसीटकर बाहर लाया और लाठी-डंडे से पीटकर हत्या करके फरार हो गए थे। एसओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरबी लाल व विनोद नगर बाजार के राजकोट चौराहे पर मौजूद हैं। वहां से दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दो अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। संवाद