अस्थायी जेल से फरार दो कैदियों को पुलिस ने दबोचा
मुंडेरवा (बस्ती)। जिला मुख्यालय पर महर्षि विद्या मंदिर में स्थापित अस्थायी जेल की खिड़की तोड़कर भागे संतकबीरनगर जिले के दो बदमाशों को अगले दिन शनिवार की रात को पुलिस ने दबोच लिया। दोनों बुधा नाले के निकट पकड़े गए। एसपी ने दोनो पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। दोनों के पास से दो तमंचे व कारतूस बरामद किए हैं।
10 जुलाई की रात में जेल की बैरक की खिड़की तोड़कर संतकबीरनगर जिले के मगहर के ग्राम धोबी टोला निवासी अजय कुमार व दुधारा थाना क्षेत्र के परसा कला गांव निवासी मो. वसीम फरार हो गए थे। अजय पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की थी, जबकि वसीम चोरी के मामले में पकड़ा गया था।
दोनों के भागने की सूचना के बाद उन्हें पकड़ने के लिए एसपी ने टीम बनाई थी। दोनों को एसओ मुंडेरवा सुशील कुमार शुक्ल व स्वाट टीम ने पकड़ लिया। एसओ मुंडेरवा सुशील कुमार शुक्ल ने बताया कि दोनो फरार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।