विक्रमजोत। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर छावनी थाना क्षेत्र के बाबा ढाबा के पास रविवार को बस्ती से आ रही कार को पीछे से एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ठोकर मार दी। गनीमत रही कि कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास काॅलोनी कटरा निवासी राहुल त्रिपाठी पुत्र भूपनरायन त्रिपाठी अपने परिवार के साथ बस्ती से लखनऊ जा रहे थे। वह छावनी थाना क्षेत्र के हाईवे पर गोड़सरा शुक्ल गांव के पास स्थित बाबा ढाबा से करीब सौ मीटर आगे पहुंचे ही थे, कि पीछे से तेज रफ्तार आ रही ट्रक कार को टक्कर मार दिया। जिसकी ठोकर से कार का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया व कार राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्कर खाकर विपरीत दिशा में होकर खड़ी हो गई। ट्रक चालक ने वाहन रोक दिया। कार सवार लोगों से उसकी कहासुनी होने लगी। बाद में ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
कार सवार लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने घटना की जानकारी ली और ट्रक पकड़ने के लिए रौनाही टोल को सूचित कर नंबर नोट कराया। कार चालक राहुल त्रिपाठी को छावनी थाने आने की सलाह दी। उन्होंने अपने परिजन को लखनऊ पहुंचाने के लिए बस्ती से दूसरी कार मंगवाई। इसके बाद थाने पहुंचकर ट्रक नंबर का उल्लेख करते हुए चालक के विरुद्ध तहरीर दी। थानाध्यक्ष छावनी चंदन कुमार ने बताया की हादसे की जानकारी मिली है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।