बिजरा के पास ट्रक-बस की टक्कर संवाद
कप्तानगंज। तेज बारिश के बीच शनिवार सुबह फोरलेन पर गिरे पेड़ के कारण धीमी हुई परिवहन निगम की बस में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और ट्रक सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए।
गोरखपुर डिपो की परिवहन निगम की बस यात्रियों को लेकर लखनऊ से गोरखपुर जा रही थी। शनिवार सुबह करीब पांच बजे हर्रैया थाना क्षेत्र के बिजरा गांव के पास फोरलेन पर पेड़ गिरा हुआ था। तेज बारिश के कारण सड़क पर भी स्थिति खराब थी। बस चालक ने पेड़ के पास पहुंचकर गति धीमी की और रास्ता निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बस डिवाइडर पर चढ़कर दूसरे लेन में पहुंच गई, जबकि ट्रक सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक देवेंद्र कुमार (27) पुत्र राम प्रसाद निवासी उदना, थाना बसई, जिला बटाईया, मध्यप्रदेश और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। महराजगंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार त्रिपाठी ने पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस और एनएचएआई की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से किनारे कराया। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि हादसे में घायल चालक और खलासी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है