बस्ती। वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए 31 अक्तूबर को संभागीय परिवहन कार्यालय बस्ती के सभागार में परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें वाहन कर के लंबित बकाये के भुगतान पर शास्ति में छूट का लाभ लेने के साथ पंजीकरण, फिटनेस, परमिट नवीनीकरण और अन्य कार्यों के लिए मौके पर ही सहायता मिलेगी। मेले का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं सरलता से उपलब्ध कराना है।
आरटीओ प्रशासन फरीउद्दीन ने बताया कि बकाया वसूली, शास्ति छूट, वाहन पंजीकरण, फिटनेस, परमिट और स्क्रैपेज के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। वाहन स्वामियों को लंबित कर और अन्य बकायों का भुगतान करने के साथ पात्र वाहनों के लिए अग्रिम कर और एकमुश्त कर जमा करने की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने के बाद नए वाहनों का पंजीकरण कराने, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) से संबंधित चालान की जानकारी प्राप्त करने और ड्राइविंग लाइसेंस में मोबाइल नंबर अपडेट कराने में भी सहायता दी जाएगी। परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं और एटीएस, आरवीएसएफ तथा एडीटीसी जैसी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
परिवहन विभाग का लक्ष्य मेले के माध्यम से लंबित बकायों की वसूली में तेजी लाने और नागरिकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। विभाग ने जिले के वाहन स्वामियों और आम नागरिकों से मेले में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।