बनकटी। देईसाड़ उपकेंद्र से जुड़े कड़सरी एवं बाघाड़ी गांव में 13 जून को आंधी के दौरान ट्रांसफाॅर्मर जल गया था और पोल टूट गए थे। आज तक ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदले जा सके हैं। बघाड़ी गांव के करीब 20 घरों की आपूर्ति ठप है। उपभोक्ता मोमबत्ती के सहारे रात गुजार रहे हैं। कड़सरी गांव में दूसरे ट्रांसफाॅर्मर से कनेक्शन देकर काम चलाया जा रहा है। इससे लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। बघाड़ी गांव के कोमल चौधरी, मनीष कुमार शुक्ल, चंदन शुक्ला, ओंकार शुक्ला, सियाराम यादव, शांति प्रजापति तौलू, रामू आदि ने बताया कि डेढ़ महीने बाद भी ट्रांसफाॅर्मर और पोल को बदला नहीं गया है।
20 से 25 घरों में मोमबत्ती के सहारे रात गुजारनी पड़ रही है। कड़सरी गांव के रंगीलाल भइया लाल, गुड्डू चौधरी, दीपक दूबे, शिव पूजन ने बताया कि उनके यहां भी ट्रांसफाॅर्मर जला था और एक दर्जन पोल टूट गए थे। 20 दिन पहले पोल बदलकर दूसरे ट्रांसफाॅर्मर से कनेक्शन जोड़ दिया गया। आए दिन लो-वोल्टेज और ओवरलोड से दिक्कत हो रही है। अधिशासी अभियंता सुधांशु श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक बिजली सप्लाई बाधित रहना चिंताजनक है। यहां जल्द ही आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
बिजली उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं का हंगामा
बभनान। लगातार तीसरे दिन भी उपकेंद्र बभनान के पैकोलिया फीडर का तार टूट जाने से लगभग सौ गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई।
इससे उपभोक्ताओं के सब्र का बांध टूट गया और वे बृहस्पतिवार देर रात उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा किया। तार टूटने की सूचना पर दर्जन भर से अधिक गांवों के उपभोक्ता रात करीब 11 बजे उपकेंद्र पहुंच गए। अवर अभियंता राम प्रकाश वर्मा ने बताया कि तार बदलवाने के लिए एस्टीमेट बनाया जा रहा है। शीघ्र ही तार को बदल दिया जाएगा।