बभनान। गोरखपुर गोंडा रेलखंड पर बभनान-गौर रेलवे स्टेशन के बीच अंडरपास निर्माण के लिए ब्लाॅक लिया गया था। ब्लाक समाप्त होने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है मंगलवार को ट्रेनों को कॉशन पर चलाया गया। इसके चलते कई ट्रेनें बभनान रेलवे स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से पहुंचीं। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गोरखपुर गोंडा रेलखंड पर बभनान-गौर रेलवे स्टेशन के बीच अंडरपास निर्माण के लिए सोमवार दोपहर 12 बजे से रात में 9 बजे तक ब्लाॅक लिया गया था। ब्लाॅक समाप्त होने के बाद से मंगलवार को सुबह गोरखपुर, लखनऊ और गोंडा जाने वाले यात्री स्टेशन के प्लेटफार्म पर ट्रेनों का घंटों इंतजार करते नजर आए।
गोरखपुर से चलकर गोंडा जाने वाली सवारी गाड़ी का बभनान में आने का समय सुबह 8 बजकर 44 मिनट है, जबकि यह ट्रेन लगभग 4 घंटे 25 मिनट की विलंब से दोपहर 1 बजकर नौ मिनट पर बभनान रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस ट्रेन के इंतजार में सुबह रेलवे स्टेशन पहुंचे यात्रियों को दोपहर तक ट्रेनों को इंतजार करना पड़ा।
भटनी से चलकर अयोध्या जाने वाली ट्रेन का समय सुबह 9:46 है जबकि यह ट्रेन दोपहर को 1:27 पर पहुंची। यह ट्रेन भी लगभग 3 घंटे 41 मिनट विलंब रही। अप आनंद विहार टर्मिनल का समय सुबह 4:54 है।
यह ट्रेन लगभग 3 घंटे के विलंब से 7:55 पर पहुंची। बरौनी ग्वालियर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटा 52 मिनट जबकि लखनऊ एक्सप्रेस 2 घंटा 12 मिनट, अप इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटा 34 मिनट विलंब से पंहुची।
जिन ट्रेनों का बभनान में स्टापेज नहीं था, उन्हें भी काॅशन के चलते रुकना पड़ता था। स्टेशन अधीक्षक बभनान बी प्रजापति ने बताया कि ब्लॉक के दूसरे दिन भी ट्रेनों का संचालन कॉशन पर किया गया।