संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/भटनी। कानपुर और लखनऊ के बीच मरम्मत और अन्य जगहों पर भी कार्य चलने के कारण दिल्ली और मुंबई रूट की ट्रेनें काफी विलंब से चल रही है। ट्रेनों के लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सोमवार को नई दिल्ली से दरभंगा जाने वाली क्लोन एक्सप्रेस 17 घंटे तो नई दिल्ली-बरौनी क्लोन एक्सप्रेस 11 घंटे की देरी से देवरिया रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके अलावा मुंबई व गुजरात रूट की काशी, साबरमती एक्सप्रेस, गरीब रथ आदि ट्रेनें भी घंटों विलंब से गंतव्य पर पहुंचीं।
पूर्वोत्तर रेलवे के अलावा अन्य जगहों पर भी ट्रैक मरम्मत व अन्य कार्य चलने से ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। साथ ही, कई ट्रेनों को निरस्त और डायवर्ट किया गया है। इससे ट्रेनों की समय सारिणी बेपटरी हो गई है। सोमवार को नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस 17 घंटे, नई दिल्ली-बरौनी क्लोन एक्सप्रेस 11 घंटे, अहमदाबाद -गोरखपुर साबरमती एक्सप्रेस दो घंटे, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे, न्यू जलपाईगुड़ी-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस तीन घंटे, सहरसा-अमृतसर गरीब रथ दो घंटे, दादर सेंट्रल-गोरखपुर एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से देवरिया व भटनी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। देवरिया सदर के स्टेशन अधीक्षक संदीप भटनागर ने बताया कि लखनऊ-कानपुर रूट पर गंगा नदी पर बने पुल पर मरम्मत कार्य के चलते कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।