बस्ती। कोहरे के चलते आए दिन एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं। भीषण ठंड के कारण यात्रियों के लिए प्लेटफऍर्म पर बैठना मुश्किल हो रहा है। शनिवार को जाने वाली बरौनी क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 20:43 घंटे की देरी से चल रही है। इसके चलते मुसाफिरों को रातभर ट्रेन के इंतजार में प्लेटफॉर्म पर बैठना पड़ा।
रेलवे समय सारिणी के अनुसार, बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते जाने वाली बरौनी क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 20:43 घंटे की देरी से चल रही है। इस ट्रेन के बस्ती रेलवे स्टेशन पर भोर में 4:57 बजे आने का समय था, मगर लेट होने की वजह से अब यह ट्रेन रविवार रात 1:40 बजे आने की संभावना है। दरभंगा-अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को स्टेशन पर देर रात 2:56 बजे आने का समय था। कोहरे के चलते लेट होने की वजह से यह ट्रेन शाम 6 बजे के बाद आई। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से 15 घंटे की देरी से चल रही है।
मथुरा-छपरा डाउन एक्सप्रेस 5 घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 2 घंटे, अवध एक्सप्रेस 3 घंटे, अमरनाथ एक्सप्रेस ढाई घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस 6:30 घंटे, बाघ एक्सप्रेस 5 घंटे और दरभंगा-क्लोन स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से 3:30 घंटे की देरी से चल रही है।
-
आधी रात से कर रहे ट्रेन का इंतजार
स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे भानपुर कस्बे के यात्री मोहम्मद जमाल,अब्दुल हकीम ने बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा करनी है। आधी रात से ट्रेन के इंतजार में भीषण ठंड में स्टेशन पर बैठे हैं। ट्रेन का कोई अता-पता नहीं है। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन के लेट होने से परेशानी बढ़ गई है। दोपहर तक हर हाल में पहुंचना था। बेलघाट बाजार की महिला यात्री प्रभावती देवी ने बताया कि छह घंटे से ट्रेन के इंतजार में छोटे बच्चों को लेकर स्टेशन पर बैठी हूं। ट्रेन कब आएगी और कब जाएगी, इसका कोई अता पता नहीं है। ठंड में बच्चों को लेकर चिंता हो रही है।
ये ट्रेनें रहीं निरस्त
बस्ती के रास्ते शनिवार को जाने वाली चंडीगढ़ एक्सप्रेस, गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर, जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन को रेलवे प्रशासन की ओर से निरस्त कर दिया गया था।
कोट
रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेन संचालन को लेकर लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। फिर भी कोहरे के चलते कुछ ट्रेनें विलंब हो जा रही हैं।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, पूर्वोत्तर रेलवे