बस्ती। गोंडा-बुढ़वल रेल खंड पर गोंडा के पास कचहरी रेलवे स्टेशन पर चल रहे तीसरी रेलवे लाइन के प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते पैसेंजर ट्रेनें निरस्त चल रही हैं। कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट परिवर्तित कर दिया गया है।
जिससे इन दिनों बस्ती से लेकर गौर, गोविंदनगर, टिनिच, बभनान, ओड़वारा, मुंडेरवा स्टेशन का सफर भी महंगा हो गया है। रोजाना ट्रेन से 10 रुपये में यात्रा करने वाले लोग सड़क मार्ग से 200 रुपये खर्च करने के बाद गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। जिला मुख्यालय से टिनिच, बभनान और गोंडा का सीधा रूट न होने के कारण लोगों के आवागमन का मुख्य साधन ट्रेन ही है।
इन दिनों रेलवे प्रशासन ने 22 जून से आगामी 11 जुलाई तक गोरखपुर-गोंडा अप और डाउन पैसेंजर ट्रेन व 29 जून से 10 जुलाई तक भटनी-अयोध्या मेमो पैसेंजर ट्रेन को निरस्त कर दिया है। ऐसे में छोटे रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अब उन्हें अधिक पैसे खर्च कर टैक्सी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। यात्रा में समय भी अधिक लग रहा है और रुपये भी अधिक खर्च हो रहे हैं। आदर्श रेलवे स्टेशन गौर से गोरखपुर तक का पैसेंजर ट्रेन का किराया 25 रुपये है। जबकि गोंडा का किराया 20 रुपये है, वहीं खलीलाबाद रेलवे स्टेशन तक 15 रुपये रुपये किराया है।
बस्ती व चुरेब रेलवे स्टेशन तक किराया सिर्फ 10 रुपये है। अब यात्रियों को सड़क मार्ग से जाने में 10 रुपये की जगह 150 से 200 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
सहरसा-जनसाधारण एक्सप्रेस का रूट परिवर्तित : गोंडा में प्री-नॉन इंटरलॉक कार्य के चलते मंगलवार को जाने वाली सहरसा-जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन परिवर्तित मार्ग अयोध्या के रास्ते चलाई जा रही है। इस ट्रेन का ठहराव 6 जुलाई तक गोरखपुर, बस्ती और गोंडा रेलवे स्टेशन पर नहीं होगा। अब यात्रियों को यह ट्रेन पकड़ने अयोध्या जाना पड़ेगा।
वहीं अमृतसर से चलकर सहरसा को जाने वाली ट्रेन संख्या 15532 सहरसा-जनसाधारण एक्सप्रेस बरेली जंक्शन से परिवर्तित होकर लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, जौनपुर के रास्ते चलाई जा रही है। इस ट्रेन का ठहराव सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया सदर, भटनी जंक्शन और सिवान स्टेशन पर 6 जुलाई तक नहीं होगा। इसी तरह 29 जून से चंडीगढ़ डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन भी बाराबंकी, अयोध्या, जौनपुर के रास्ते परिवर्तन मार्ग से चलाई जा रही है।
इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्री जगदंबा प्रसाद, संतोष कुमार और रिजवान अहमद ने बताया कि निर्धारित समय के अनुसार स्टेशन पर आया तो पता चला कि ट्रेन का मार्ग परिवर्तित हो चुका है। मोबाइल पर कोई मैसेज भी नहीं आया था। जानकारी न होने से ट्रेन छूट गई। जबकि दो माह पहले सफर करने के लिए ऑनलाइन टिकट की बुकिंग कराया गया था। समय और रुपये दोनों का नुकसान हुआ है।