बस्ती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री।संवाद
बस्ती। महानगरों से अपने घर लौट रहे यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर स्टेशन पहुंचने के बाद निजी टैक्सी चालक और दलाल उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई स्पेशल ट्रेनें इन दिनों निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं। इसके चलते यात्रियों को भीड़भाड़ वाले जनरल कोच में घंटों सफर करना पड़ रहा है। तत्काल श्रेणी में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से अधिकांश यात्री जनरल डिब्बों में यात्रा करने को विवश हैं, जहां बैठने तो दूर, सामान रखने तक की जगह नहीं मिल रही है।
स्टेशन पर ट्रेन देर से पहुंचने के कारण देर रात या असुविधाजनक समय पर उतरने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है। इस स्थिति का फायदा उठाकर निजी टैक्सी चालक बुकिंग के नाम पर निर्धारित किराये से अधिक राशि वसूल रहे हैं। स्टेशन के पीछे टैक्सी चालकों में यात्रियों को बैठाने की होड़ लगी रहती है। दलाल भी सक्रिय हैं, जो कमीशन के लालच में यात्रियों को जबरन निजी टैक्सियों में बैठा देते हैं।
रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक राशिद बेग मिर्जा ने बताया कि स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाती है। यदि टैक्सी चालकों की मनमानी की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
-
ये ट्रेनें रहीं देर
रेलवे की समय सारिणी के अनुसार शुक्रवार को बस्ती रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देर से चलीं। मुंबई जाने वाली गोरखपुर-बांद्रा स्पेशल सुबह 8:54 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन करीब सात घंटे की देरी से शाम चार बजे के बाद स्टेशन पहुंची। इसके अलावा जननायक एक्सप्रेस दो घंटे, छपरा-अमृतसर एक्सप्रेस एक घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल सात घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल साढ़े छह घंटे तथा नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन स्पेशल सात घंटे विलंब से संचालित हुईं। इससे यात्रियों को लंबे समय तक स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।