बांद्रा एक्सप्रेस से आए 23 यात्रियों को भेजा कोविड केयर सेंटर
एक यात्री के मुंबई में भर्ती पिता की रिपोर्ट मिली है पॉजिटिव
कोच के अन्य 47 यात्रियों को सड़क मार्ग से भेजा गया घर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बांद्रा से मुजफ्फरपुर जाने वाली बांद्रा एक्सप्रेस के कोच नंबर एस-9 से संदिग्धों के आने की सूचना पर सक्रिय हुई आरपीएफ ने स्वास्थ्य टीम के साथ कोच से 70 यात्रियों को उतार लिया। इनमें एक परिवार के मुखिया की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह मुंबई में भर्ती हैं। इस परिवार के 19 सदस्यों के अलावा चार अन्य यात्रियों समेत कुल 23 को संदिग्ध मानकर कोविड केयर सेंटर भानपुर भेजा गया है।
शेष 47 यात्रियों को परिवहन निगम की बस से घर भेज दिया गया। इनके संबंध में संबंधित जिले के प्रशासन को अवगत करा दिया गया। इन्हें भी 14 दिन क्वारंटीन रहने की हिदायत दी गई है। इन 23 लोगों का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। कोच को सैनिटाइज कर आगे भेज दिया गया। यह जानकारी आरपीएफ इंसपेक्टर नरेंद्र यादव ने दी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल संदिग्ध होने के कारण इन सभी को जांच के लिए भेजा गया है। इनमें कौन संक्रमित है। यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा।