स्वाट टीम की मदद से परशुरामपुर पुलिस को मिली कामयाबी
315 और 12 बोर के देसी तमंचों के साथ कारतूस भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
परशुरामपुर (बस्ती)। जिले की स्वाट टीम व परशुरामपुर पुलिस ने बस्थानवा में दबिश देकर तमंचा फैक्ट्री पकड़ी। यहां से पांच लोगों पकड़ कर पांच 315 बोर, तीन 12 बोर के तमंचे और एक अर्द्धनिर्मित 315 बोर का तमंचा बरामद किया। 315 बोर के 20 और 12 बोर के 15 अदद कारतूस व असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
एएसपी पंकज ने बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान सुभाष लोहार निवासी बस्थनवां, सुरेन्द्र वर्मा निवासी महुघाट थाना हर्रैया, समय प्रसाद उर्फ राजू वर्मा निवासी दुबौली दूबे थाना छावनी, शुभम पाठक निवासी साड़पुर थाना छावनी और घनश्याम उर्फ कुंजू यादव पुत्र रामचन्दर यादव निवासी कल्यानपुर थाना छावनी शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि इस गिरोह ने किस-किस शख्स को तमंचा बेचा है। इसका भी पता लगाया जा रहा है।
--------
यह भी हुआ बरामद
पुलिस ने एक बर्मा, एक ग्राइंडर, कटर, बड़ा डाइमेकर, तीन हथौड़ी, दो छोटे डाइमेकर, रेती चपटी, बैरल साफ करने की गोल रेती, तीन सड़सी, एक पाइप रिंच, आठ कटर व्हील प्लेट, ग्राइंडिंग व्हील प्लेट, लोहे की बड़ी शीट, लोहे का ठेहा, लोहे के तीन पाइप, तीन सरिया के टुकड़े, दो कमानी लोहा, लोहे की कीलें बरामद की गई है।
--------
इस टीम को मिली कामयाबी
गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वाट टीम के महेंद्र यादव, मनिंद्र प्रताप चंद्र, मनोज रॉय, अभिषेक तिवारी, रविशंकर शाह , रमेश गुप्ता, देवेन्द्र निषाद शामिल रहे।