जिले के सोनहा के अमरौली शुमाली के टोला रामनगर में जहां आग से छप्पर के दो मकान जल कर राख हो गए। वहीं दूसरी घटना में एक किसान का गेहूं मड़ाई करते हुए थ्रेसर से निकली चिंगारी से जल कर राख हो गया। आग लगने की एक अन्य घटना वाल्टरगंज क्षेत्र के चौरा बस्थनवा गांव के निकट हुई, इसमें ट्रैक्टर ट्राली के साथ गेहूं के बोझ भी जल गए।
सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार अमरौली शुमाली के टोला रामनगर में शुक्रवार की सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग में सुभावन व अनिल के छप्पर का मकान जल गया। घर में रखा अनाज, कपड़ा व नकदी आदि भी जलकर नष्ट हो गया।इसी गांव में रघुबर चौधरी अपने खेत में मड़ाई कर रहे थे। इसी बीच थ्रेसर के चिंगारी से आग लग गई, जिससे उनका गेहूं व भूसा राख हो गया। ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका।
वाल्टरगंज प्रतिनिधि के अनुसार चौरा बस्थनवा गांव के निकट राम मूरत चौधरी का गेहूं ट्रैक्टर-ट्राली पर लद कर जा रहा था। इसी बीच रास्ते में मोड़ पर लगे ट्रांसफार्मर से गाड़ी टकरा गई, जिससे तारों में शार्ट सर्किट से चिंगारी से फसल में आग लग गई। इसके बाद आग से ट्रैक्टर व ट्राली भी जल गई।