ट्रेन की चपेट में आकर ट्रैक्टर चालक की मौत
बस्ती। मुंडेरवा-महादेवा मार्ग पर स्थित रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन की चपेट में आकर 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के बोदवल गांव निवासी मलखा उर्फ मनोहर (32) रविवार की रात करीब नौ बजे बाजार से अपने घर वापस जा रहे थे।
रास्ते में मुंडेरवा-महादेवा मार्ग पर बने रेलवे क्रासिंग के पार जाकर वहीं कहीं से एक डिब्बा लिए और पानी भरकर शौच जाने के लिए रेलवे लाइन से होकर जाने लगे। क्रासिंग से करीब 100 मीटर पश्चिम बढ़ते ही पीछे से ट्रेन आ गई और मनोहर उसकी चपेट में आ गए। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन के ड्राइवर ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने मेमो भेजकर जीआरपी बस्ती को सूचित किया। मलखा उर्फ मनोहर पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों को लेकर अलग रहते थे। गांव के ही एक व्यक्ति के घर रहकर ट्रैक्टर चालक की नौकरी करते थे।