लुटेरों के अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
- एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर करते थे मोबाइल फोन की लूट
-दस मोबाइल व तमंचा और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
रुधौली। रुधौली पुलिस ने लुटेरों के अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीनों के पास से 10 मोबाइल फोन व एक तमंचा बरामद किया गया है।
रुधौली थाना के प्रभारी निरीक्षक शैलेश सिंह ने बताया कि बहादुरपुर गांव के पास से तीनों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों एक ही बाइक से लूट की वारदात को अंजाम देते थे। पूछताछ में एक की पहचान जनपद सिद्धार्थनगर के शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के करमहिया निवासी सनाउल्लाह उर्फ छोटू तथा केरमुआ निवासी नसीम के रूप में हुई है। जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक चाकू, एक तमंचा तथा लूट व छिनैती के 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने रुधौली क्षेत्र के साथ सिद्धार्थनगर जनपद के बांसी, करमहिया सहित कई स्थानों पर मोबाइल फोन लूट की घटना को अंजाम दिया है। तीनों पर रुधौली, बांसी जनपद सिद्धार्थनगर एवं थाना पथरा बाजार सिद्धार्थनगर में चोरी व छिनैती के मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी में उनके साथ उप निरीक्षक संतोष सिंह, एंटी नारकोटिक्स उप निरीक्षक योगेश कुमार सिंह, सर्विलांस उपनिरीक्षक दुर्विजय चौधरी, आरक्षी अभिलाष प्रताप सिंह, जयप्रकाश, महेंद्र यादव, कुलदीप यादव, रमेश कुमार गुप्ता, शिवचरण, सत्येंद्र सिंह शामिल रहे।