कोरोना के तीन नए पॉजिटिव केस मिले
बस्ती। जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमण के तीन नए केस मिले। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दूसरी ओर पहले से संक्रमित दो लोगों की निगेटिव रिपोर्ट आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में अब भी कोरोना के 12 केस एक्टिव हैं।
सीएमओ डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि संक्रमण के कम होने का कारण लोगों की जागरूकता और भीड़-भाड़ से बचाव के अलावा टीकाकरण है। सीएमओ ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बरकरार है। ऐसे में सावधानी जरूरी है। आवश्यकता हो, तभी घर से बाहर जाएं। उन्होंने कहा कि मास्क जरूर लगाएं और हाथ धुलने का क्रम भी जारी रखें।
कहा कि स्वास्थ्य विभाग तो पूरी तरह तैयार है। अस्पताल संसाधनों और ऑक्सीजन से सुसज्जित कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण हालांकि थोड़ी राहत दे रहा है, मगर जान बूझ कर खतरा न मोल लें। कोरोना गाइड लाइन ही कोरोना से बचने का सबसे बेहतर विकल्प है।
सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक 655826 नमूने एकत्रित किए जा चुके हैं। उनमें से 646651 की रिपोर्ट आ चुकी है। 634945 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक 11706 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। 9175 नमूनों के परिणाम का इंतजार है। अब तक 11349 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। जिले में अब तक कोरोना से 330 लोगों की जान जा चुकी है।