संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। स्वाॅट टीम की मदद से सोनहा पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन लिफ्टरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की सात बाइक बरामद की गई हैं। पकड़े आरोपी बस्ती, सिद्धार्थनगर और गोंडा के रहने वाले हैं।
एएसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी और सीओ रुधौली स्वर्णिमा सिंह ने पुलिस लाइंस सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सोनहा थाना क्षेत्र के अइला घाट पुल के पास से संदिग्धों और वाहनों की चेकिंग के दौरान शुक्रवार की भोर में तीन आरोपियोंं को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया। इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की सात बाइकें और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपियों में कृष्ण मणि पांडेय निवासी विशुनपुर थाना गौर बस्ती, विक्रम गौतम निवासी भुईगावा थाना भवानीगंज सिद्धार्थनगर और मुकेश यादव निवासी कुक नगर झुनखुनिया अहिरनडीह थाना खोड़ारे गोंडा शामिल हैं। इनमें आरोपी कृष्णमणि पांडेय पर गौर थाने में आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
एएसपी ने बताया कि चोरों के कब्जे से बरामद बाइकें बस्ती कचहरी, महिला चिकित्सालय बस्ती, ओेपेक चिकित्सालय कैली, हर्रैया तहसील और एक सोनहा स्थित स्कूल से चोरी हुई थी। उन्होंने बताया कि छह जनवरी को राज कौशल निवासी बनटिकरा थाना सोनहा ने सूचना दी थी कि उनके भाई जय कौशल की बाइक सावित्री विद्या विहार भानपुर के बाहर से चोरी हो गई।
पुलिस ने केस दर्ज कर बाइक बरामदगी का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान सोनहा पुलिस व स्वॉट की संयुक्त टीम ने संदिग्धों की चेकिंग के दौरान जब आरोपियों को रोका तो सभी सहम गए। उनके स्तर से बाइक का कोई दस्तावेज नहीं उपलब्ध कराया गया।
सख्ती से पूछताछ हुई तो पता चला कि पकड़ी गईं दोनों गाड़ियां चोरी की हैं। उनकी निशानेदही पर पांच अन्य बाइकें बरामद की गई हैं।