- कलवारी थानाक्षेत्र के महुआडाबर में 18 अगस्त को हुई थी घटना
- संतान न होने पर मजार पर हाजिरी लगाने पहुंचे थे पति-पत्नी व हितैशी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के महुआ डाबर के पास मनोरमा नदी में नहाते समय डूबे युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। उसके पिता ने पत्नी सहित तीन आरोपियों के खिलाफ डुबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। 17 अगस्त की घटना में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मृतक की पत्नी शफीकुन्निशा सहित तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या व साजिश करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के मानिकचंद पुरैना निवासी मुबारक अली के बेटे परवेज अहमद (23) की शादी 2021 में दुबौलिया थानाक्षेत्र के विशेषरगंज निवासी सफीकुन्निशा से हुई। तीन साल बीतने के बाद भी कोई संतान न होने पर उसे पति के साथ महुआ डाबर मजार पर किसी ने हाजिरी लगाने की सलाह दी। 17 अगस्त को दोनों कुसौरा बाजार के बिसमिल्लाह व गुड्डू के साथ महुआ डाबर स्थित मजार पर हाजिरी लगाने गए। अगले दिन 18 अगस्त को सभी लोग नदी में नहाने गए। नहाते समय परवेज का पांव फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। साथ नहा रहे अन्य लोग जब तक कुछ समझ पाते वह लापता हो गया। साथ नहा रहे बिसमिल्ला कुरैशी ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूबने लगे।
किसी तरह बिसमिल्लाह बाहर आए, लेकिन परवेज का पता नहीं चल सका। बाद में उसका शव भौआपार के पास उतराया मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी से ही डूबने से मौत की पुष्टि हुई थी। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कलवारी थानाक्षेत्र के कुसौरा बाजार निवासी बिस्मिल्लाह कुरैशी, गुड्डू के अलावा परवेज की पत्नी सफीकुन्निशा के खिलाफ साजिश के तहत परवेज को पानी में डूबोकर मार डालने के आरोप में केस दर्ज किया है। घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।