बस्ती। रोडवेज बस्ती डिपो के एआरएम आयुष भटनागर ने लंबे समय से ड्यूटी न करने वाले तीन चालकों की संविदा समाप्त कर दी है। यह कार्रवाई वरिष्ठ केंद्र प्रभारी की रिपोर्ट पर की गई है। इससे रोडवेज में चालकों का संकट फिर गहराएगा।
रिपोर्ट के अनुसार संविदा चालक रूपपाल, आलोक मिश्र और अरविंद कुमार लंबे समय से ड्यूटी से नदारद चल रहे थे। एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि तीनों चालकों को अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त समय दिया गया। मगर वे न तो हाजिर हुए और न ही संतोषजनक जवाब दिया।
लिहाजा संविदा सूची से नाम खारिज करने के निर्देश दिए गए हैं। बर्खास्त संविदा चालकों के स्थान पर नए चालक रखे जाएंगे। वहीं, तीन चालकों की कमी से अब और संकट गहराएगा। रोडवेज पहले से ही चालकों की कमी से जूझ रहा है।