संवाद न्यूज एजेंसी कप्तानगंज (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के दुबखरा गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने बाइक और ट्रैक्टर-ट्राॅली कब्जे में लिया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के रुधौली गांव के रहने वाले शिव प्रसाद (22) बुधवार की शाम को बाइक से अपने रिश्तेदार शिवम (11) वर्ष और खुशी (16) निवासी डेलुआ खोर थाना कोतवाली, जनपद संतकबीरनगर के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए थे।
बृहस्पतिवार की सुबह एक बाइक पर सवार होकर तीनों अयोध्या से घर लौट रहे थे। सुबह 10:30 बजे नगर थाना क्षेत्र के दुबखरा गांव के निकट पहुंचे ही थे तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली अचानक सड़क पर मुड़ गई।
जिससे बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राॅली में टकरा गई, हादसे में बाइक सवार शिव प्रसाद, शिवम और खुशी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा हैं कि खुशी अयोध्या में सरयू नदी में नहाते समय भी डूबने लगी थी। गनीमत कि आसपास मौजूद लोगों ने उसे सुरक्षित बचा लिया था। थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।