कच्ची शराब, तमंचा के साथ तीन गिरफ्तार
पैकोलिया (बस्ती)। थाना क्षेत्र के लालपुर पंडित गांव से इमलियाधीश जाने वाले मार्ग पर बुधवार दोपहर में पुलिस ने तीन तस्करों को 160 लीटर कच्ची शराब और कट्टा तथा चाकू के साथ गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे मुखबिर की सूचना पर लालपुर पंडित से इमिलियाधीश मार्ग के मोड़ पर एक कार को रोका गया। तलाशी ली गई तो कार में आठ गैलन में 160 लीटर कच्ची शराब मिली।
तस्करों की तलाशी में 12 बोर का तमंचा, कारतूस और दो चाकू बरामद किए गए। पकड़े गए तस्करों की पहचान परशुरामपुर थाना क्षेत्र बेनीनगर निवासी राम शुभावन और सूरज सोनकर तथा गोंडा जनपद के छपिया थाना क्षेत्र के तेजपुर मईलहा निवासी त्रिभुवन के रूप में हुई है।