बस्ती। पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को परसरामपुर थाना क्षेत्र के बेदीपुर बाजार में आभूषण की दुकान पर नकली पीली धातु को सोना बताकर सात लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इनके पास से 21,500 रुपये, पीली धातु के 15 लॉकेट और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस लाइंस सभागार में ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एएसपी श्याम कांत ने बताया कि घटना सात दिसंबर बेदीपुर बाजार स्थित एक आभूषण की दुकान पर तीन युवक पहुंचे और खुद को विश्वसनीय कारोबारी बताते हुए पीली धातु को शुद्ध सोना बताकर बेचने लगे। आरोपियों ने दुकानदार को विश्वास में लेकर पांच लाख रुपये नगद और दो लाख रुपये के आभूषण प्राप्त कर लिए।
बाद में जब दुकानदार अखिलेश कुमार सोनी ने सोने की जांच कराई तो वह नकली निकला। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने परसरामपुर थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। 26 दिसंबर को मुखबिर खास से सूचना मिली कि ठगी में शामिल तीनों आरोपी बेदीपुर नहर पुलिया के पास मौजूद हैं।
इस पर थाना परसरामपुर, गौर, सोनहा की पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम ने संयुक्त घेराबंदी कर सुबह करीब 10 बजे तीनों आरोपी मथुरा जिले के जैत थाना क्षेत्र के जोनई निवासी निवासी सुमेर, राजस्थान के अलवर जिला के थाना बगडगद तिराया क्षेत्र के बगड़ राजपुर निवासी महेंद्र नायक और गोटिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह अन्य जनपदों में भी इसी तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दे चुका हो सकता है। गिरोह के अन्य गुर्गों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।