हर्रैया में चार घरों को चोरों ने खंगाला, ले गए नगदी जेवरात
हर्रैया (बस्ती)। भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए घर से बाहर व छतों पर लोगों को सोते देख चोरों ने हर्रैया कस्बे के चार घरों को खंगाल लिया। वहां के वार्ड नंबर दो मनोरमा नगर में रविवार रात एक के बाद एक चारों घरों को निशाना बनाया। भोर में जागने पर लोगों को चोरी की जानकारी हुई तो पैरों तले जमीन सरक गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। कुछ टूटे बक्से व कपड़े सिवान में मिले। सीओ हर्रैया शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि घटना के जल्द पर्दाफाश के लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है।
कस्बे के मनोरमा नगर मोहल्ले का ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण रविवार तीन दिन से बिजली नहीं आ रही थी। रविवार को ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, जिसे गर्म किया जा रहा था। इसलिए बिजली सप्लाई शुरू नहीं की गई थी।
भीषण गर्मी की वजह से अधिकतर लोग घर के बाहर या छत पर सोए हुए थे। इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने सबसे पहले महूघाट निवासी अब्दुल के घर का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुस गए। कमरों में लगे ताले को काटकर अंदर से दो अटैची व एक बाक्स चुराकर गांव के बार एक तालाब के पास ले गए। वहां ताला तोड़कर उसमें रखी दो पायल, दो कान का झाला, दो पाजेब, दो हार, एक सोने का चेन सहित करीब तीन लाख रुपये के जेवरात व 20 हजार रुपये लेकर भाग गए। बगल के ताहिर के घर में पिछला दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुसे। कमरे में बक्से से दो सोने की अंगूठी, दो पायल, हार, झाला सहित करीब तीन लाख के जेवरात व दस हजार रुपये चुरा ले गए। तीसरी घटना अर्जुन के घर में हुई। यहां चोर घर के पीछे गलियारे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। घर की नई नवेली दुल्हन के कमरे से सभी बर्तन, अंगूठी व पायल सहित दो लाख रुपये के जेवरात के साथ ही 20 हजार नकदी लेकर चलते बने। चौथी घटना में शुभावन अली के घर में चोर मुख्य दरवाजा तोड़कर प्रवेश किए लेकिन यहां उनके हाथ कुछ नहीं लगा। सोमवार की सुबह चार घरों में चोरी की घटना मोहल्ले में आग की तरह फैल गई। ताबड़तोड़ चोरियों से क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया। पीड़ितों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पीड़ितों से मिले नगर पंचायत अध्यक्ष, दी आर्थिक मदद
- महूघाट गांव के चार घरों में हुई चोरी की घटना की सूचना पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष कौशेलेंद्र प्रताप सिंह राजू ने पीड़ितों से मिलकर घटना की जानकारी ली। आर्थिक सहायता देते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।