लंगड़ी पेंदा पुरवा गांव में हुई चोरी के बाद बिखरा सामान-संवाद
महराजगंज। हर्रैया थाना क्षेत्र के लंगड़ी पेंदा पुरवा में बुधवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है।
जानकारी के अनुसार हेमलता मिश्र पत्नी स्वर्गीय हरिकांत मिश्र निवासी लंगड़ी पेंदा पुरवा अपने परिजनों के साथ बुधवार को उभाई गांव में आयोजित भागवत कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। इसी दौरान घर सूना पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। रात करीब 9:30 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और ताला टूटा पड़ा था। कमरों का सामान बेतरतीब बिखरा पड़ा था और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखा सारा कीमती सामान गायब था।
पीड़िता के मुताबिक चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमके समेत अन्य गहनेके साथ ही 15 हजार रुपये नकदी भी ले उड़े। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि अतिशीघ्र चोरी का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।