संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। दिव्यांगजनों का बसों में सफर आसान करने व उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए हर बस डिपो में सिंगल विंडो सिस्टम की स्थापना की जाएगी।
शासन से मिले निर्देश के तहत परिवहन निगम मुख्यालय ने सभी एआरएम व आरएम को डिपो परिसर में सिंगल विंडो सिस्टम स्थापित करने का फरमान जारी कर दिया है। जल्द ही बस्ती डिपो में भी यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। इससे दिव्यांगजनों की परिवहन संबंधी समस्याओं का तत्काल निस्तारण हो सकेगा। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने बहुत सारी सुविधाएं उपलब्ध करा रखी हैं। बसों में उनके लिए सीटें रिजर्व रखी जाती हैं, उनकी यात्रा भी मुफ्त रहती है। वह अपने प्रदेश से हर कहीं अंतिम स्टॉपेज तक जाने वाली बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकते हैं।
कुछ दिन पहले प्रयागराज की दृष्टि बाधित दिव्यांग समिति ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशक को पत्र भेजकर दिव्यांगजनों की समस्याओं के निस्तारण के लिए अनुरोध किया तो मामला शासन तक पहुंच गया। इसके बाद परिवहन निगम मुख्यालय से प्रधान प्रबंधक (आईटी) अंकुर विकास ने हर डिपो पर सिंगल विंडो सिस्टम समेत कुछ अन्य सुविधाओं को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।