एशिया चैंपियन, भारत केशरी जैसे ख्याति प्राप्त पहलवान लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। महाशिवरात्रि पर तिलकपुर स्थित जागेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर में 26 फरवरी को दंगल का आयोजन होगा। इसमें एशिया चैंपियन पहलवान सौरभ कुमार, भारत केसरी शनिराज सिंह, राष्ट्रीय पहलवान ज्ञान के साथ राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, अयोध्या, खजनी के पहलवान दांव आजमाएंगे।
प्रेस क्लब में सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान आयोजक डॉ. रोहन दूबे ने बताया कि दंगल के इस आयोजन को वृहद रूप दिया गया है। शांतिपूर्ण व भव्य तरीके से दंगल कराने के लिए टीम कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि श्री ब्रह्मदेव कुश्ती आखाड़े खजनी के निर्देशन में हो रहा यह आयोजन रोमांचकारी होगा। दंगल में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती लड़ने वाले पुरुष व महिला पहलवान भी आ रही हैं। दर्शकों के लिए बेहतर प्रबंध किया जा रहा है। इस दौरान डॉ. वीके वर्मा, पंकज त्रिपाठी, भोलानाथ चौधरी आदि मौजूद रहे।