बभनान-परसा तिवारी के बीच रेलवे ट्रैक पर चल रहा ऑटोमेटिक सिंगलिंग काम। संवाद
गौर। बभनान-परसा तिवारी व स्वामीनारायण छपिया रेलवे स्टेशन के बीच चल रही ऑटोमेटिक सिग्नलिंग के साथ नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते दो दिन बभनान रेलवे स्टेशन पर टिकट की बिक्री न होने से रेलवे को करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित होने से तमाम यात्रियों को आरक्षित टिकट वापस करने पड़े। ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को निराश होकर जाना पड़ा।
पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बीच स्थित बभनान और स्वामीनारायण छपिया रेलवे स्टेशन के बीच चल रहे नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते बभनान रेलवे स्टेशन पर दो दिन से ट्रेनों का ठहराव नहीं हो रहा है। बस्ती रेलवे स्टेशन पर तैनात डीसीआई मिर्जा हासिर बेग ने बताया कि प्रतिदिन करीब 70 से 75 हजार का रेलवे को राजस्व नुकसान हुआ है। अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित होने से टिकट काउंटर पर लगभग 15 यात्रियों ने आरक्षित टिकट वापस किया।
रेलवे के मुताबिक ऑनलाइन आरक्षित टिकट करने वाले यात्री भी टिकट वापस कर रहे हैं। ट्रेनों के निरस्त व मार्ग परिवर्तित होने की जानकारी न होने से तमाम यात्री स्टेशन पर पहुंच गए और उन्हें जब पता चला कि ट्रेन दूसरे मार्ग से होकर जाएगी तो कुछ घर वापस चले गए और कुछ को ट्रेन पकड़ने के लिए प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ा। जबकि बस्ती रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को 17 और शनिवार को सात यात्रियों ने टिकट काउंटर पर आरक्षित टिकट वापस किए।