किसान सेवा केंद्र मंडी में खाद के लिए लगी लाइन।
बस्ती। यूरिया वितरण के दौरान बृहस्पतिवार को भी कुछ समितियों पर हंगामा हुआ। एक-दो समितियों पर कुछ देर तक वितरण नहीं हो पाया। पुलिस की मौजूदगी में वितरण कराया गया। विक्रमजोत क्षेत्र की सुकरौली साधन सहकारी समिति पर किसानों ने सचिव को ही बंधक बना लिया। जानकारी होने पर सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने मौके पर फोर्स भेजकर वितरण कराया।
सुकरौली समिति पर किसानों की अधिक भीड़ जुट गई। सचिव ने वितरण से मना कर दिया। किसानों ने उन्हें बंधक बना लिया। समिति पर खाद वितरित न होने से हंगामा की जानकारी सीडीओ को मिली। उन्होंने मौके पर पुलिस बल भेजा। कुछ देर बाद पुलिस की मौजूदगी में खाद बंटवाई गई। वहीं, जिले के अन्य क्षेत्रों में भी यूरिया का वितरण पूरे दिन किया गया। एआर कोआपरेटिव आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि 25 से अधिक समितियों पर खाद का वितरण कराया गया है। दो तीन जगहों पर ही ज्यादा भीड़ होने का मामला सामने आया है। बाकी जगहों पर स्थिति नियंत्रण में है। वहीं निजी क्षेत्र की दुकानों पर भी वितरण शुरू किया गया है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबू राम मौर्य ने दावा किया कि ढाई सौ दुकानों पर यूरिया उपलब्ध कराई गई है। यहां वितरण भी किया जा रहा है।