दुबौलिया। सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से क्षेत्र के मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मरीजों को जिला या तहसील मुख्यालय जाना पड़ता है। इससे समय के साथ ही धन की भी बर्बादी होती है।
दुबौलिया सीएचसी में रोजाना लगभग 60 से 70 मरीज आते हैं। कई बार मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच की जरूरत पड़ती है, परंतु सुविधा न होने से उन्हें भटकना पड़ता है। सरयू और मनवर नदी के दोआब में बसे लगभग डेढ़ लाख लोगों के लिए जिला मुख्यालय की दूरी करीब 40 किलोमीटर है, जिसे तय करने में पूरा दिन लग जाता है।
स्थानीय ग्रामीणों राधेश्याम चौधरी, प्रेमनाथ सिंह, सोनू सिंह, अजय यादव, प्रदीप तिवारी, पप्पू पांडेय, रमाशंकर साहू और प्रदीप कुमार का कहना है कि अल्ट्रासाउंड जांच के लिए दूर जाना मजबूरी बन गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सीएचसी स्तर पर यह सुविधा शीघ्र शुरू की जाए। सीएचसी अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि फिलहाल अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया है।