बस्ती। सहालग में रसोई गैस का संकट गहरा गया है। लोग सिलिंडर के लिए लंबी लाइन में खड़ा हो रहे हैं। बुकिंग के सप्ताह भर बीतने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।
कुछ एजेंसियों ने तो होम डिलीवरी की व्यवस्था ही ठप कर दी है। उपभोक्ता इस बदइंतजामी को लेकर काफी आक्रोश में है। लाइन में भी झोल है। अचानक बिना नंबर के ही लोगों को पर्ची मिल जा रही है। इसके बाद हंगामा हो रहा है। सिलिंडर के कालाबाजारी का तरीका बदल गया है। कुछ एजेंसियों पर तैनात कर्मचारियों से सेटिंग करने पर 1800 रुपये में सिलिंडर मिल रहा है। इसके लिए रुपये पहले देकर लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। कुछ देर बाद उन्हें आसानी से पर्ची मिल जा रही है। भारत गैस के एक उपभोक्ता ने बताया कि एजेंसी कर्मचारी से यदि सेटिंग बन जाए तो 1800 रुपये में सिलिंडर मुहैया हो रहा है। मगर दिखाने के लिए कुछ देर तक लाइन लगानी पड़ रही है। शुक्रवार को पटेल चौक स्थित पर एजेंसी पर चिलचिलाती धूप में सैकड़ों की तादाद में उपभोक्ता लाइन में खड़े हंगामा कर रहे थे। उपभोक्ताओं को माइक से एजेंसी कर्मचारी शांति बनाए रखने की अपील करते नजर आए। कई बार स्थिति बिगड़ने पर पटेल चौकी पुलिस को एजेंसी के अंदर घुसना पड़ा। मनौरी से आए परमेश्वर ने बताया कि पिछले सप्ताह उनकी बुकिंग हो गई थी। तभी से वह एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं। अभी तक सिलिंडर नहीं मिल पाया है। भीड़ को देखते हुए पर्ची काउंटर भी नहीं बनाए गए हैं। वहीं नरहरिया के राम प्रकट ने बताया कि होम डिलीवरी व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। उपभोक्ताओं को गैस लेने के लिए एजेंसी पर बुलाया जा रहा है। यहां आने के बाद लंबी लाइन में खड़ा होकर एक बार पर्ची लेना पड़ रहा है और दूसरी बार सिलिंडर के लिए गोदाम पर लाइन लगानी पड़ रही है।