संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम आवास कॉलोनी में चार फरवरी की रात हुई चोरी का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए उसी कॉलोनी के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण तथा 2915 रुपये नकद व चाकू बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में करीब छह माह पहले गांधीनगर के बभनगावां में भी चोरी की बात कबूल की। दोनों पर पहले से चोरी व अन्य कई केस दर्ज हैं।
प्रभारी सीओ सिटी सुदेंदु कुमार सिंह ने कोतवाल राना डीपी सिंह के साथ कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि चार फरवरी की रात कोतवाली क्षेत्र के चननी स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी निवासी सनी कुमार रावत के घर से दो मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण और साढ़े 17 हजार रुपये चोरी हो गए।
अगले दिन थाने में तहरीर देने पर पुलिस ने केस दर्ज कर खोजबीन शुरू की। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कांशीराम आवास कॉलोनी के पीछे बगीचे से कैफ उर्फ राज और आदिल को गिरफ्तार किया।
तलाशी में कैफ के पास से दो बिछिया, एक कान में पहनने वाला सुई-धागा, एक मंगलसूत्र, मोबाइल, 1355 रुपये नकद और चाकू मिला। जबकि आदिल के पास से एक जोड़ी पायल, अंगूठी, मोबाइल फोन और 1560 रुपये बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पांच-छह माह पहले भी बभनगावा गांधीनगर में बंद पड़े पुराने मकान से कुछ चावल, गेहूं व चार जोड़ी पुराना बिछुआ और कुछ अन्य सामान चुराए थे।