पुलिस की गिरफ्त में चोरी का आरोपी।
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर (विशुनपुरा) मोहल्ले में 26 फरवरी की रात हुई भीषण चोरी का बृहस्पतिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। चोरी की वारदात का एक आरोपी बेलवा डाडी निवासी सेराज आलम गैंगस्टर एक्ट का आरोपी भी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। जबकि वारदात में शामिल बेलवा डाडी का ही आरोपी का साथी अल्ताफ अब भी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है।
वारदात को अंजाम देकर दोनों नेपाल भाग गए थे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से 3,24,010 भारतीय और 145 नेपाली रुपये के अलावा जेवरात भी बरामद किए हैं। पुलिस लाइंस सभागार में कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर (विशुनपुरा) निवासी सियाज अहमद के घर 26 फरवरी की रात हुई चोरी का खुलासा करते हुए सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी कोतवाली व स्वॉट टीम ने संयुक्त रूप से की।
आरोपी को कृष्णा भगौती चौराहे से दो सौ कदम पहले पकड़ा गया है। उसकी निशानदेही पर सुपेलवा प्राइमरी स्कूल के पीछे चहारदीवारी के अंदर झाड़ी से चोरी का डीवीआर और वारदात में प्रयुक्त एक अदद लोहे का सब्बल भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी पर चार मुकदमे कोतवाली में दर्ज हैं। इनमें एक गैंगस्टर एक्ट का भी है। उन्होंने बताया कि बरामद जेवरात में एक जोड़ी बाली, एक अंगूठी, दो जोड़ी टप्स (पीली धातु व सफेद नग लगी हुई), एक जोड़ी टप्स पीली धातु, एक अदद बिंदी पीली धातु आदि हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 26 फरवरी की रात करीब तीन बजे वह और दोस्त अल्ताफ गांधीनगर के एक घर में छत के रास्ते घुसकर पहले सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर खींच कर निकाल लिया। उसके बाद जेवर व रुपये चोरी किए, तभी एक व्यक्ति के चिल्लाने पर दोनों भाग गए। आरोपी ने बताया कि चुराए गए रुपयों मे से उसने पहले से लिया हुआ लोन 21 हजार चुकता किए। इसके बाद दोनों नेपाल भाग गए थे।