कप्तानगंज (बस्ती)। थाना क्षेत्र के महराजगंज कस्बे में रास्ते के विवाद में नया मोड़ आ गया है। एसपी के निर्देश पर कप्तानगंज पुलिस ने दूसरे पक्ष की चार महिलाओं समेत सात लोगों पर बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के महराजगंज कस्बे में रास्ते के विवाद में गिरिजा शंकर अग्रहरि और संदीप साहू के बीच में बुधवार की सुबह मारपीट हो गई थी। दोनों पक्ष के तीन लोगों को चोटें आई थीं। पुलिस ने संदीप साहू की तहरीर पर गिरजाशंकर अग्रहरि और उनके दो बेटों धमेंद्र अग्रहरि और आशीष अग्रहरि पर बुधवार को ही प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। उधर, एसपी डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के तेलियाडीह निवासी गिरजा शंकर अग्रहरि की तहरीर पर मनीष कुमार, प्रदीप कुमार, संदीप कुमार, सरिता देवी, रंजीता देवी, पूजा देवी और संपदी की मां पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
कप्तानगंज पुलिस ने मामले में एक पक्ष के गिरजाशंकर अग्रहरि और दूसरे संदीप साहू पक्ष के सरिता देवी पत्नी मनीष कुमार, रंजीता देवी पत्नी प्रदीप कुमार, पूजा पत्नी संदीप साहू को शांति भंग में पाबंद करते हुए बुधवार की शाम को एसडीएम हर्रैया के न्यायालय में भेज दिया था। एसओ आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है। संवाद