बस्ती। शहर के इंदिरा नगर वार्ड में एक बंद मकान से चोरों ने बृहस्पतिवार की रात करीब 25 लाख रुपये के जेवर और नकदी चुरा ले गए। शहर के सबसे व्यस्त इलाके गांधी नगर चौकी क्षेत्र में हुई चोरी से पुलिस के गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक राजू खान अपनी मां के इलाज के लिए परिवार सहित लखनऊ गए हुए है। इसी दौरान चोर छत पर चढ़कर लोहे की ग्रिल काटकर घर में घुस गए। मकान मालिक ने बताया कि घर में रखी लगभग 18 लाख रुपये की ज्वैलरी और शादी के लिए रखे करीब सात लाख रुपये चोर चुरा ले गए है।
चोरों ने वारदात के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर भी काट कर अपने साथ ले गए। इससे पुलिस को साक्ष्य जुटाने में परेशानी हो रही है। सुबह पड़ोसियों की सूचना पर चोरी का पता चला। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, स्वाॅट टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद