महराजगंज के युवक की फोरलेन पर हादसे में मौत
बस्ती। फोरलेन पर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सबदेईया कलां गांव के पास रविवार की देर रात बाइक में तेज रफ्तार कार ने ठोकर मार दी। जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की मदद से दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जिनमें से महराजगंज जिले के फरेंदा आनंदनगर निवासी प्रसुन्न कुमार की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक जनपद महराजगंज के गांव कटया थाना आनन्द नगर फरेंदा निवासी प्रसुन्न कुमार (25) पुत्र त्रिलोकी अपने रिश्तेदार गोरखपुर जिले के मोहरीपुर थाना चिलुआताल निवासी अजय कुमार (20) पुत्र विजय प्रसाद की बाइक पर सवार होकर बस्ती में एक शादी में शामिल होने के लिए निकले थे। रविवार देर रात पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सबदेईया कलां गांव के पास गोरखपुर से लखनऊ की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने ठोकर मार दी। जिससे दोनों युवक सड़क पर बाइक सहित गिरकर मरणासन्न पड़े थे।
राहगीरों की नजर पड़ी तो किसी ने चौकी प्रभारी हड़िया को फोन करके घटना से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों घायल युवकों को जिला अस्पताल भेजवाया गया। जहां पर प्रसुन्न को देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं रिश्तेदार अजय को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। प्रसुन्न चार साल पहले पॉलिटेक्निक करके नौकरी की तलाश में थे। उनकी मौत की सूचना से मां इन्द्रावती देवी, भाई गौतम, बहनोई राकेश का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर परिवार के लोग पहुंच गए।