नगर बाजार, बस्ती। इस्राइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर किए जा रहे ताबड़तोड़ हमले से सऊदी अरब, कतर आदि खाड़ी देशों रहकर नौकरी करने वाले भारतीय मजदूर भी सहम गए हैं। युद्ध की वजह से अरब और कतर में तमाम कंपनियां बंद हो गई है।
कंपनियों की ओर से नौकरी करने वालों को अपने सुरक्षित ठिकानों पर ही रहने को कह दिया गया है। वहीं कुछ शिक्षित कर्मचारियों से घर से ऑनलाइन काम लिया जा रहा है। वहां फंसे जिले के सैकड़ों मजदूर इस माहौल में सहमे हुए हैं। इधर परिजनों की भी चिंता बढ़ गई है। व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से खाड़ी देशों में रहने वाले परिजनों से जुड़कर उनकी कुशल क्षेम ली जा रही है।
नगर बाजार और आसपास के इलाकों के सैकड़ों लोग सऊदी अरब में रहकर मजदूरी एवं निजी कंपनियों में नौकरी करते हैं। यह लोग दहशत के माहौल में जी रहे हैं। आशंका है कि इस्राइल-ईरान का युद्ध किसी भी समय विस्तार लेकर किसी भी दिशा में फैल सकता है।
नगर बाजार के रहने वाले इरफान अहमद, सोनू प्रजापति, अखिलेश चौधरी, अज्जू, उदयभान चौधरी, निलेश चौधरी, जुम्मन, मोहम्मद जैद समेत कई अन्य लोग और थाना क्षेत्र के ग्राम बकैनिया निवासी बशीरूल हसन सहित सैकड़ों मजदूर सऊदी अरब के विभिन्न शहरों में काम कर रहे हैं। इनमें ज्यादातर निर्माण कंपनियों से जुड़कर मेहनत, मजदूरी करते हैं। कम ही लोग विभिन्न कंपनियों में लिखा पढ़ी या कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर नौकरी कर रहे हैं।
सऊदी अरब में रहने वाले यहां के मजदूर और नौकरी पेशे वाले लोग अपने परिजनों से मोबाइल के जरिये जुड़े हुए हैं। इरफान अहमद ने अपने परिजनों से बताया कि फिलहाल अभी वह जहां मौजूद हैं, वहां कोई समस्या नहीं है। लगातार हमला होने के कारण आसमान में ऊंचाई पर मिसाइलें देखी जा रही हैं। इससे भय का माहौल बना हुआ है। आसमान में मिसाइलें और ड्रोन उड़ रहे हैं। अलर्ट जारी हैं। हम सभी लोग दहशत में हैं।
परिजन भी पल-पल की खबर ले रहे हैं। फोन पर बातचीत के दौरान परिजन रोते हुए नजर आ रहे हैं। उन्हें अपनों के सुरक्षा की चिंता सता रही है। युद्ध के कारण उड़ानें भी रद्द हो रही हैं। एयरस्पेस भी बंद हैं। अभी घर वापसी का कोई रास्ता नहीं दिख रहा है।
भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीयों को सतर्क रहने, अनावश्यक बाहर न निकलने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
ईरान की ओर से सऊदी अरब, यूएई, कतर आदि जगहों पर अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागीं जा रही है।
इससे पूरे गल्फ क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि हजारों की संख्या में भारतीय मजदूर इस क्षेत्र में रहते हैं। परिजनों की मांग है कि भारत सरकार पहल करके वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वतन लाया जाए।