सल्टौआ। डुमरियागंज मार्ग पर वाल्टरगंज व सोनहा थाना क्षेत्र के बीच स्थित सल्टौआ पानी की टंकी के पास शनिवार रात गोंडा से पति के साथ बाइक से जा रही महिला का पर्स छीनकर उचक्के भाग निकले। दोनों बदमाश बाइक से सोनहा की तरफ भागते हुए देखे गए।
पीड़िता ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। थोड़ी ही देर में थानाध्यक्ष वाल्टरगंज उमाशंकर तिवारी, थाना प्रभारी सोनहा रमजान अली अंसारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। नाकाबंदी कर उचक्कों को ट्रेस करने का प्रयास किया गया। सल्टौआ व देईपार में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला गया। देर रात एसओजी व स्वॉट टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
बताया जा रहा है कि गोंडा जनपद के खोड़ारे थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी दिनेश सिंह अपनी पत्नी राज किशोरी सिंह को लेकर बस्ती आए थे। शनिवार की रात करीब 8 बजे बाइक से अपने घर के लिए निकले थे। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के सल्टौआ स्थित पानी की टंकी के पास पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने राज किशोरी सिंह के हाथ से पर्स छीन लिया। इस वारदात से वह सहम गईं। दिनेश ने बाइक रोकी, तब तक दोनों बाइक सवार सोनहा की तरफ भाग गए।
राज किशोरी सिंह ने बताया कि पर्स में करीब चार हजार रुपये थे। इसके अलावा कुछ जरूरी कागजात व चाबी आदि थी। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ कर जानकारी ली। इसके बाद पति-पत्नी अपने घर चले गए। वाल्टरगंज व सोनहा पुलिस के साथ देर रात तक एसओजी व स्वॉट टीम तहकीकात में जुटी रही।