महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवीपुर के बनियवटा टोला के किशोर की करंट लगने के मामले में रविवार को पनियरा थाने में प्राथमिकी दर्ज हो गई। इस मामले में आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, देवीपुर के बनियवटा टोला के रहने वाले 15 वर्षीय सुधीर वर्मा शनिवार को करंट की चपेट में आ गया था। परिजन उसे इलाज के लिए पहले पीएचसी फिर बाद में रेफर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए थे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस घटना को लेकर मृतक के पिता महेंद्र ने गांव के ही उपेंद्र के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर उपेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।