बस्ती। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थ को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम सख्त हो गई है। हाल ही में वायरल वीडियो के बाद विभाग ने शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थ की दुकानों की चेकिंग की। कुल, 24 दुकानों पर छापेमारी करते हुए वहां से छह सैंपल लिए गए। साथ ही खामियां मिलने पर 16 दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-दो चितरंजन कुमार सिंह ने बताया कि गांधीनगर, रोडवेज, फौव्वारा तिराहा, आवास विकास गेट, तहसील गेट, कंपनीबाग और कचहरी क्षेत्र स्थित दुकानों व ठेलों पर जांच की गई। संदिग्ध दूध और आइसक्रीम के तीन-तीन नमूने लिए। जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। वहीं, एफएसडब्ल्यू वाहन से दुकानदारों को जागरूक भी किया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्थल पर सफाई को लेकर निर्देश दिए गए। बताया कि 24 दुकानों पर जांच के बाद 16 जगहों पर कमी मिली, जिस पर वहां के संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। बताया कि दूध से बने तीन ब्रांड के आइसक्रीम के नमूने लिए गए। वहीं, आइसक्रीम के भी तीन नमूने लिए गए। वहीं, मोमोज और वेब बिरियानी की दुकानों पर भी चटनी और रंग मिलाकर तैयार खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, दिनेश पटेल आदि मौजूद रहे।