यूपी बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य गति नहीं पकड़ सका है। हालांकि, अनुदानित स्कूलों के शिक्षकों ने कॉपियां जांचनी शुरू कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि ड्यूटी नहीं करने वालों पर कार्रवाई होगी।
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर वित्तविहीन शिक्षक संगठन तीसरे दिन सोमवार को भी मूल्यांकन से दूर रहे। संगठन के नेताओं ने चारों मूल्यांकन केंद्रों पर घूमकर शिक्षकों से बहिष्कार की अपील की। सुबह कोठार खुलते ही वित्तविहीन शिक्षक संघ के महामंत्री रजवंत यादव, अर्जुन यादव, माध्यमिक शिक्षक महासभा के प्रदेश मंत्री रमेश पाठक की अगुवाई में शिक्षकों ने जीआईसी, जीजीआईसी, श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज और सेकसरिया इंटर कॉलेज गेट पर प्रदर्शन किया। इन्होंने सभी शिक्षकों से मूल्यांकन बहिष्कार की अपील की। सभी ने एक स्वर से कहा कि जब तक सरकार हमारी मांगें नहीं मानेगी कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इस दौरान प्रदीप पाण्डेय, राजेंद्र प्रताप सिंह, हरी राम यादव, मानवेंद्र सिंह, उमापाल सिंह, अरविंद गुप्ता, राकेश पाठक, कृपा शंकर तिवारी, विश्वजीत सिंह, सुदामा प्रसाद, प्रकाश पटेल, विजय यादव, सुनीता यादव, महमूद अहमद, लाल यादव, विनोद सिंह, गीता राय सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. बृजभूषण मौर्य ने सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज में चल रहे मूल्यांकन कार्य का जायजा लिया। केंद्र पर शिक्षकों की उपस्थिति के बारे में जाना। कहा कि ड्यूटी न करने वाले शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।