जिले की देसी और विदेशी शराब की दुकानों का सोमवार को ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटन प्रक्रिया संपन्न हुई। अंग्रेजी, देसी शराब, बियर की दुकानों की 322 दुकानों के आवंटन के दौरान आठ छोड़कर बाकी 314 दुकानों का आवंटन हुआ। इन दुकानों के लिए 4319 आवेदकों ने लॉटरी में हिस्सा लिया।
शहर के कोर्ट चौराहे के पास स्थित ऑफिसर्स क्लब में सोमवार को बतौर पर्यवेक्षक प्रमुख सचिव रेणुका कुमार पहुंचीं। आबकारी निदेशालय की तरफ से दोपहर 2:30 से शाम चार बजे के बीच समय निर्धारित किया गया था। डीएम सुशील कुमार मौर्य और एसपी दिलीप कुमार की मौजूदगी में लॉटरी की प्रक्रिया शुरू हुई। जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने बताया कि जिन दुकानों का आवंटन नहीं हो सका, वहां के लिए शासन से जिस तरह का निर्देश आएगा, उस हिसाब से आवंटन/व्यवस्थापन किया जाएगा।
दुकानों के खोलने, बंद करने का समय बदला
एक अप्रैल से शराब की दुकानों के खुलने के समय में दो घंटे कटौती होगी। सुबह 11 बजे की जगह अब दिन में 12 बजे दुकानों का ताला खुलेगा और रात 10 बजे बंद हो जाएगा। अभी रात 11 बजे शटर डाउन होता है। नई व्यवस्था पहली अप्रैल से लागू होगी।
लाइसेंस फीस बढ़ी
पिछले वर्ष सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुपालन में हाईवे से हटाई गईं दुकानों में से अधिकतर पुनर्स्थापित नहीं हो पाईं, जिससे राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हो पाई। इस नुकसान की भरपाई के लिए देसी के बेसिक लाइसेंस की फीस 225 रुपये प्रति पेटी से बढ़ाकर 252 रुपये प्रति पेटी कर दी गई है। वहीं, प्रतिफल फीस 226 रुपये प्रति बल्क लीटर से घटाकर 222 रुपये प्रति बल्क लीटर कर दी गई है।
आंकड़ों के आईने में
देसी शराब की 187 दुकानों में 181 के टेंडर पड़े।
अंग्रेजी शराब की 64 दुकानों में से 63 के टेंडर पड़े।
तीन मॉडल शॉप के लिए दो आवेदन।
बियर की 68 दुकानों में से 64 के लिए आवेदक पहुंचे।
314 दुकानों की लॉटरी निकाली गई।
08 दुकानों का नहीं हो सका आवंटन।