बायपोखर में रेलवे लाइन के ऊपर निर्माणाधीन ओवरब्रिज। संवाद
बस्ती। बस्ती शहर की तस्वीर अब बदलने लगी है। प्रथम फेज का रिंग रोड अब आकार लेता हुआ दिख रहा है। इस राह में पड़ने वाले आधा दर्जन अंडरपास बनकर लगभग तैयार हो चुके हैं। दो बड़े पुल बनने की कवायद भी शुरू हो गई है। भद्रेश्वरनाथ के निकट राजाचक से ककराई तक कुआनो नदी के ऊपर 100 मीटर लंबा पुल और बायपोखर में रेलवे लाइन के ऊपर डेढ़ सौ मीटर लंबे ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार 1100 करोड़ की लागत से प्रथम फेज में बनने वाली 22 किमी लंबे रिंगरोड की फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य ने ण्रफ्तार पकड़ लिया है। नवंबर 2025 से निर्माण की कवायद शुरू कर दी गई है।
छह महीने में खुटहन, बख्सर, रामपुर मेडिकल कॉलेज के निकट, बायपोखर, भद्रेश्वरनाथ समेत आधा दर्जन संपर्क मार्ग एवं नहरों के ऊपर अंडरपॉस और छोटे ब्रिज लगभग बनकर तैयार हो चुके हैं। भद्रेश्वरनाथ और बख्सर का अंडरपास चालू भी कर दिया गया है। इसके बाद अब कुआनो नदी पर ककराई से राजाचक गांव तक (भद्रेश्वरनाथ के निकट) 100 मीटर लंबा पुल बनाने की तैयारी है।
निर्माण एजेंसी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से पाइलिंग का कार्य आरंभ कर दिया गया है। योजना है कि बारिश शुरू होने से पहले इस पुल का ढांचा तैयार कर लिया जाए। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों की मानें तो अगले 15 दिन में पुल के बेस स्तर का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस पुल के निर्माण से बहादुरपुर और कुदरहा ब्लॉक क्षेत्र के नागरिकों का मुख्यालय आनाजाना और आसान हो जाएगा। वहीं बस्ती शहर से चार किमी के दायरे पर कुआनो पर चार पुल हो जाएंगे।
इसके अलावा बायपोखर में रेलवे लाइन के ऊपर डेढ़ सौ मीटर ओवरब्रिज और सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। ओवरब्रिज निर्माण का कार्य यहां शुरू हो गया है। यह भी शहरी आवागमन में मददगार होगा। इस ओवरब्रिज के जरिये लोग सीधे गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पकड़ लेंगे। एक दिन पहले डीएम कृत्तिका ज्योत्सना और परियोजना निदेशक सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय नुसरत खान, प्रोजेक्ट इंजीनियर रोहित कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों की टीम के साथ इस परियोजना का निरीक्षण भी किया था।