जोगिया। ब्लॉक क्षेत्र के जोगिया-पकड़ी मार्ग से लखनापार तक जाने वाली तीन किलोमीटर मीटर सड़क की गिट्टियां उखड़कर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस सड़क से राहगीरों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पांच वर्ष से खराब पड़ी है, लेकिन अब तक किसी ने सुध नहीं ली है। लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
जोगिया-पकड़ी मार्ग से होकर लखनापार गांव तक जाने वाली तीन किलोमीटर सम्पर्क मार्ग का निर्माण कार्य पांच वर्ष पहले कराया गया था। इसके दो साल बाद ही सड़क जर्जर हो गई। जगह-जगह गिट्टियां उखड़ने से लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों से गुजरना पड़ता है। कई बार लोग इस सड़क बनाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान देने वाला नहीं है। क्षेत्र के विक्रम, सोनू ,जगदीश, पंकज यादव, दीनानाथ, राजेश, राम कुमार आदि लोगों ने इस संपर्क मार्ग को सही कराने की मांग की है।
विक्रम निवासी लखनापार ने बताया कि पांच वर्ष पहले यह सड़क बनाई गई थी। इसके बाद यह मरम्मत के अभाव में क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने मांग की कि सड़क को जल्द से जल्द बनवा जाए, वरना हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। किशुन लाल निवासी लखनापार ने बताया कि रात और दिन के समय बहुत ज्यादा चलने में परेशानी होती है। गांव का मुख्य मार्ग जोगिया की ओर निकल जाता है। सड़क की गिट्टी उखड़ गई है। आने-जाने में बहुत परेशानी हो रही है, लेकिन कोई ध्यान देने वाला नहीं है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई अनुराग ने बताया कि यह सड़क जिला पंचायत निधि से बनाई गई थी। यह विभाग के अधीन नहीं आ रही है फिर भी इस सड़क को बनवाने का प्रयास किया जाएगा।