जिला अस्पताल की ओटी की जांच करती राज्यस्तरीय टीम स्रोत विभाग
बस्ती। जिला चिकित्सालय, जिला महिला अस्पताल और कई सीएचसी-पीएचसी पर शनिवार को राज्यस्तरीय चिकित्सीय टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने अस्पतालों में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान मरीजों से भी संवाद कर हकीकत परखी।
टीम ने निर्धारित चेक लिस्ट के आधार पर अस्पतालों की जांच की। टीम ने हर वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, पैथालॉजी और पेयजल सुविधाओं के साथ सफाई की जांच की। विशेष रूप से मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं और अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित किया गया। निरीक्षण के बाद चिकित्सीय टीम ने व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं पर रिपोर्ट बनाई। जिसे टीम शासन स्तर पर रिपोर्ट प्रेषित करेगी।
तीन दिवसीय दौरे पर आई टीम सबसे पहले महिला अस्पताल पहुंची। टीम में शामिल अपर मुख्य चिकित्सक अधिकारी बलरामपुर डॉ. मिनाक्षी चौधरी और डाॅ. अनामिका सिंह जिला क्वालिटी परामर्शदाता बलरामपुर ने अस्पताल का कोना-कोना देखा। लेबर रूम में पहुंची, यहां तैनात स्टाफ नर्स से संंवाद किया। उसके बाद ओटी का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली। पैथालाजी व एसएनसीय वार्ड में का अवलोकन किया। अस्पताल के सभी वार्डों में भी टीम ने निर्धारित बिंदुओं पर जांच की। मरीजों से भी संवाद किया।
इसके बाद टीम जिला अस्पताल पहुंंची। यहां चेक लिस्ट के अनुसार ओपीडी, पैथाॅलोजी, ओटी में जांच की। इसके बाद टीम पीआईसीयू, ब्लड बैंक, एनआरसी समेत जनरल वार्डों को भी देखा। परिसर में सफाई व्यवस्था भी जांची।