महराजगंज। भीषण गर्मी और बारिश न होने से जल संकट गहराने लगा है। अधिकांश तालाब और प्राकृतिक जलस्रोत सूख चुके हैं। जिससे वन्यजीवों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है।
नीलगाय समेत अन्य जंगली जानवर अब पानी और भोजन की तलाश में खेतों और आबादी की ओर रुख कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार पहले वन्यजीव जंगलों और तालाबों तक सीमित रहते थे, लेकिन अब दिन-रात खेतों में दिखाई दे रहे हैं। इससे खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। किसानों की चिंता बढ़ गई है।
महुआ लखनपुर निवासी अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भीषण गर्मी में प्राकृतिक जलस्रोत सूख जाने से वन्यजीवों का व्यवहार बदल जाता है। पानी की तलाश में वे दूर-दूर तक भटकते हैं और खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। खेतों में जंगली जानवरों की हलचल बढ़ने से किसान खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं।