मेडिकल कॉलेज बस्ती परिसर में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण करते डीएम रवीश गुप्ता
बस्ती। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने सोमवार को महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय बस्ती में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यों की प्रगति देखी और दिशा-निर्देश दिए। सड़क कार्य की रफ्तार कम होने पर नाराजगी जताई और समय से कार्य पूरा करने के लिए कहा।
बताया गया कि निर्माण कार्य यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरशन बस्ती करा रहा है। डीएम ने पाया कि मुख्य भवन (जी प्लस-1) में कोटा पत्थर, टाइल्स लगाने और तृतीय तल पर चिनाई का कार्य एवं प्रथम तल पर आंतरिक प्लास्टर का कार्य प्रगति पर है तथा बोरिंग सबमर्सिबल का कार्य पूर्ण है और निर्माण कार्य में गैलेंट सरिया लगाई जा रही है। उन्होंने पाया कि फर्श पर कोटा स्टोन बिछाया जा रहा है तथा कैली हॉस्पिटल से नर्सिंग हॉस्टल को जोड़ने वाली सड़क नहीं बनी है। कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य दिसंबर तक पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी से कोटा स्टोन की गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए। नर्सिंग हॉस्टल को कैली हॉस्पिटल से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की हिदायत दी।