पेंशन बहाली को लेकर कैंडिल मार्च निकालते शिक्षक।
आल टीचर्स/एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से रविवार की शाम को शहर में कैंडल मार्च निकला। पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने की मांग की गई। जीआईसी में एकत्र शिक्षकों ने शाम को कैंडल मार्च निकाला। यह गांधीनगर, कंपनी बाग होते हुए न्याय मार्ग पर पहुंचा। वहां सपा के जिलाध्यक्ष राजकपूर यादव को ज्ञापन देकर प्रकरण को सरकार के संज्ञान में लाने का अनुरोध किया। कैंडिल मार्च बाद में न्याय मार्ग पर सभा में तब्दील हो गया। एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष विजेंद्र वर्मा ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी होती है। कर्मचारी के संरक्षण की जिम्मेदारी से सरकार विमुख नहीं हो सकती है। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए।
तौआब अली, दीपक सिंह प्रेमी और बृजेश वर्मा ने कहा कि नई पेंशन योजना कर्मचारियों के लिए किसी भी प्रकार से हितकर नहीं है। यह हमें मंजूर नहीं है। 13 नवंबर को लखनऊ में पुरानी पेंशन बहाली के लिए आयोजित रैली में बड़ी संख्या में शिक्षक साथी शामिल होंगे। इस मौके पर डा. सुरेंद्र, बब्बन पांडेय, अमरनाथ, विजय प्रकाश चौधरी, सत्यप्रकाश, रमेश गुप्ता, राजेश चौधरी, विनय शंकर आदि रहे।